आवास निर्माण योजना में गड़बड़ी पंचायत सचिव निलंबित

✍️ भागीरथी यादव

 

 

 

कोरबा। ग्राम पंचायत तिलकेजा में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से जुड़ी कथित अनियमितताओं की शिकायत पर जिला पंचायत ने कार्रवाई तेज कर दी है। जांच के बाद ग्राम पंचायत सचिव नविता दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए जनपद पंचायत कोरबा के विकासखंड समन्वयक देवदत्त श्रीवास को जिला पंचायत की प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण शाखा में आगामी आदेश तक संलग्न किया गया है।

 

जिला पंचायत से 21 अगस्त को जारी आदेश में तिलकेजा पंचायत में आवास योजना से संबंधित शिकायत की जांच का उल्लेख किया गया है। इसके तहत देवदत्त श्रीवास को जिला पंचायत शाखा में जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 

वहीं, 23 अगस्त को जारी निलंबन आदेश में सचिव नविता दुबे पर स्वीकृत आवासों में मृत व्यक्तियों के नाम से किस्त की राशि जारी करने, राशि आहरण सहित अन्य अनियमितताओं से जुड़ी शिकायत का उल्लेख है। जांच के दौरान संबंधित दस्तावेज, जॉब कार्ड, बैंक पासबुक और मृत्यु प्रमाण पत्र मांगे गए थे, लेकिन निर्धारित समय में दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए।

 

आदेश में कारण बताओ नोटिस का जवाब नहीं देने और जांच में सहयोग नहीं करने को शासकीय कार्य के प्रति लापरवाही एवं उदासीनता माना गया है। जिला पंचायत CEO प्रतीक जैन के डिजिटल हस्ताक्षर से जारी आदेश के तहत पंचायत सेवा नियमों के अंतर्गत निलंबन की कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि में सचिव का मुख्यालय जनपद पंचायत कोरबा रहेगा। अब जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई पर नजर है।