✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। साइबर जागृति अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने सोमवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर करीब 1000 नागरिकों को साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी। पुलिस टीमों ने UPI फ्रॉड, बैंकिंग फ्रॉड और अन्य साइबर ठगी के तरीकों से लोगों को अवगत कराया।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के निर्देशन में कोतवाली, बालको, दर्री, दीपका, बांकीमोंगरा, सिविल लाइन, पाली, बांगो, रजगामार और चैतमा थाना क्षेत्रों में कार्यक्रम हुए। बैंक, स्कूल, औद्योगिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस ने लोगों से OTP, UPI PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही अनजान लिंक, फर्जी कॉल, संदिग्ध APK फाइल और फर्जी वेबसाइट से सावधान रहने की समझाइश दी गई।

पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें या cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी की राशि को रोकने में मदद मिल सकती है। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की।
