✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए स्कूटी चोरी के दो मामलों का खुलासा किया है। वहीं गैस सिलेंडर और स्टील सामग्री चोरी करने वाले खम्हरिया निवासी दिलचंद आदिले (23) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस सहायता केंद्र सीएसईबी एवं थाना सिविल लाइन रामपुर की संयुक्त कार्रवाई में स्कूटी चोरी के मामले में दो अलग-अलग प्रकरणों में विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने चोरी की गई स्कूटियां बरामद कर दोनों मामलों में संबंधित बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इसी अभियान के तहत थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने अटल आवास, खम्हरिया निवासी दिलचंद आदिले को गैस सिलेंडर और स्टील सामग्री चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में चोरी करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत चोरी, लूट और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
