पुलिस ने नष्ट किए 388 किलो मादक पदार्थ, नशा कारोबारियों को कड़ा संदेश

✍️ भागीरथी यादव

 

 

18 एनडीपीएस मामलों में जब्त लगभग 4 क्विंटल मादक पदार्थों का वैधानिक नष्टीकरण, पर्यावरणीय मानकों और न्यायालयीन निर्देशों का किया गया पालन

 

धमतरी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए धमतरी पुलिस ने गुरुवार को एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न मामलों में जब्त 388.392 किलोग्राम (करीब 4 क्विंटल) मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण कराया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की निगरानी में संपन्न हुई।

पुलिस के अनुसार जिले के सिटी कोतवाली धमतरी, अर्जुनी, भखारा, बिरेझर, केरेगांव और सिहावा थाना क्षेत्रों में दर्ज 18 एनडीपीएस प्रकरणों से जब्त मादक पदार्थों को एनडीपीएस एक्ट, न्यायालयीन निर्देशों और पर्यावरणीय मानकों का पूर्ण पालन करते हुए नष्ट किया गया।

नष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार पांडे की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति, पुलिस, आबकारी विभाग तथा अन्य संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में रूपगढ़ पॉवर एंड एलॉयज प्राइवेट लिमिटेड, ग्राम बंजारी (कुरूद) में संपन्न हुई। कार्रवाई से पहले छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल और ग्राम पंचायत से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र भी प्राप्त किए गए।

धमतरी पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई केवल न्यायिक प्रक्रिया का पालन भर नहीं है, बल्कि नशामुक्त समाज के निर्माण, युवाओं को नशे के जाल से बचाने और जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।