“कोरबा में खनिज माफियाओं पर बड़ा प्रहार: 1620 घन मीटर अवैध रेत जब्त, 3 वाहन पकड़े गए”

✍️ भागीरथी यादव

 

 

“बरमपुर, राताखार, कसनिया, कछार और सोनपुरी में खनिज विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, माफियाओं में मचा हड़कंप”

 

 

 

कोरबा। जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 1620 घन मीटर अवैध रूप से भंडारित रेत जब्त की है। साथ ही अवैध परिवहन में लगे 1 टीपर और 2 ट्रैक्टरों को भी पकड़कर जब्त किया गया है। लगातार हो रही कार्रवाई से जिले के खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश एवं उप संचालक खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में गठित खनिज उड़नदस्ता दल ने जिले के विभिन्न संदिग्ध क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। टीम ने सलिहाभाटा, भैसामुड़ा, कटबिटला, कुदमुरमाल, सोनपुरी सीतामढ़ी, बरमपुर, राताखार, पोड़ी, कछार, चुहिया, बाल्को, कसनिया और कटघोरा समेत कई स्थानों पर छापेमार कार्रवाई की।

जांच के दौरान बरमपुर, राताखार और कसनिया क्षेत्र से अवैध रेत परिवहन करते हुए 1 टीपर एवं 2 ट्रैक्टर जब्त किए गए। जब्त वाहनों को सर्वमंगला पुलिस चौकी, रामपुर थाना एवं खनिज जांच चौकी रामपुर कटघोरा की अभिरक्षा में रखा गया है।

वहीं कछार में 600 घन मीटर और 720 घन मीटर के दो अवैध रेत भंडारण तथा सोनपुरी में 300 घन मीटर रेत का अवैध भंडारण जब्त किया गया। कुल मिलाकर 1620 घन मीटर अवैध रेत पर खनिज विभाग ने कार्रवाई की।

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 तथा अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।