जब युवक सांप लेकर पहुंचा अस्पताल…..

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। जिले के दादर क्षेत्र में सांप के डसने की घटना के बाद एक युवक के उपचार के लिए अस्पताल में सांप को भी लाना पड़ा। झाड़ी की सफाई के दौरान कोबरा के डसने से रामदयाल की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे।

जानकारी के अनुसार, रामदयाल घर के भीतर झाड़ी साफ कर रहा था। इसी दौरान जमीन में बने बिल से अचानक कोबरा बाहर निकला और उसने युवक को डस लिया। घटना के बाद सांप वापस बिल में जाकर छिप गया। परिजन रामदयाल को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने सांप की पहचान होने के बाद उपचार शुरू करने की बात कही।

इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने स्नेक कैचर टीम को सूचना दी। टीम मौके पर पहुंची और काफी सावधानी से बिल की खुदाई शुरू की। करीब आधे से एक घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने बिल में छिपे कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद सांप को अस्पताल लाया गया, जहां उसकी पहचान कोबरा के रूप में हुई। पहचान होने के बाद चिकित्सकों ने युवक का उपचार शुरू किया।

फिलहाल रामदयाल की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसे खतरे से बाहर बताया गया है। रेस्क्यू किए गए कोबरा को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की तैयारी की जा रही है। बारिश के मौसम में सांपों के बिलों से बाहर आने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। विशेषज्ञों ने लोगों से सांप दिखाई देने पर खुद पकड़ने के बजाय स्नेक कैचर की मदद लेने की अपील की है।