✍️ भागीरथी यादव
शहर में कबाड़ कारोबार से जुड़ी एक कार्रवाई के दौरान कोतवाली पुलिस ने कबाड़ से भरी गाड़ी की तलाशी में एक पुरानी पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। हथियार मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि कबाड़ से भरी एक गाड़ी में हथियार और कारतूस रखे गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गाड़ी को रोककर तलाशी ली। इस दौरान कबाड़ के सामान के बीच छिपाकर रखी गई पुरानी पिस्टल और पांच जिंदा राउंड बरामद किए गए।
पुलिस ने बरामद हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया है। मामले में कबाड़ी प्रहलाद साहू के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं कबाड़ के सामान को लेकर बीएनएसएस की धारा 106 के तहत भी कार्रवाई की गई है।
**कबाड़ में हथियार पहुंचने का राज तलाश रही पुलिस**
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि पिस्टल और कारतूस कबाड़ के बीच कहां से आए और उन्हें वहां किसने रखा। जांच के दौरान हथियार के स्रोत तथा उससे जुड़े संभावित लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
कोरबा में औद्योगिक गतिविधियों के कारण बड़े पैमाने पर स्क्रैप और कबाड़ का कारोबार होता है। ऐसे में इस बरामदगी के बाद कबाड़ के आवागमन और उसकी निगरानी को लेकर भी पुलिस की जांच तेज हो गई है। फिलहाल पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद पिस्टल का इस्तेमाल पूर्व में किसी आपराधिक घटना में हुआ है या नहीं। जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
