सुशील जयसवाल
पसान/तनेरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शुक्रवार को पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत तनेरा स्थित जमतीपारा आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन सेवा समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा और सर्वांगीण विकास को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

समारोह के दौरान बच्चों के लिए सामुदायिक सहभागिता के तहत पौष्टिक ‘न्योता भोज’ कराया गया। राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को संतुलित आहार, पौष्टिक भोजन और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी दी गई। वहीं बच्चों में खेल-खेल के माध्यम से सीखने की प्रवृत्ति को बढ़ावा देने के लिए ‘खिलौना बैंक’ की पहल पर भी जोर दिया गया।
आंगनबाड़ी के नौनिहालों ने शैक्षणिक एवं मनोरंजक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, माताओं और आंगनबाड़ी कर्मियों के बीच संवाद कर शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई तथा केंद्र की गतिविधियों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में ग्राम पंच संतोषी बाई, जानकी, मितानिन सविता सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे। महिला एवं बाल विकास विभाग की सेक्टर सुपरवाइजर द्रोपती मरकाम ने कार्यक्रम का मार्गदर्शन किया। आंगनबाड़ी केंद्र प्रभारी जंत्री प्रधान के साथ प्रयागमति, कविता, प्रीति, सुभागनी, बाल कुंवर, ममता सहित अन्य कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने आयोजन में सहयोग दिया।
इस अवसर पर बच्चों और माताओं के बेहतर स्वास्थ्य तथा कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों की सहभागिता ने आंगनबाड़ी केंद्र को समुदाय से जोड़ने और बच्चों के समग्र विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
