कोरबा: जमीन बंटवारे के विवाद में बुजुर्ग की हत्या….

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा/पसान। पसान थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया में जमीन बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान भतीजे ने अपने 85 वर्षीय चाचा के सिर पर टांगिया से वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान बबन राम यादव (85), निवासी सीपतपारा, पिपरिया के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे बबन राम यादव और उनके भतीजे सोनू उर्फ अशोक यादव (23), पिता राम प्रसाद यादव, के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने टांगिया से बबन राम यादव के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने पसान थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी में हत्या का कारण जमीन एवं संपत्ति संबंधी विवाद बताया जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।