✍️ भागीरथी यादव
दंतेवाड़ा पुलिस ने रायबरेली निवासी युवक को दबोचा, कोर्ट ने भेजा जेल
दंतेवाड़ा। फर्जी दस्तावेजों के जरिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में नौकरी हासिल करने के मामले में दंतेवाड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी सत्यम दीक्षित के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने दंतेवाड़ा जिले का कथित फर्जी निवास एवं आय प्रमाण पत्र तैयार करवाकर CISF की भर्ती प्रक्रिया में इस्तेमाल किया था। भर्ती होने के बाद वह राजस्थान के देवली में पदस्थ होकर नौकरी कर रहा था।
मामला सामने आने के बाद राजस्व एवं तहसील कार्यालय से संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन कराया गया। जांच के दौरान प्रमाण पत्रों में अनियमितता सामने आने पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। दंतेवाड़ा पुलिस की टीम राजस्थान के देवली पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब फर्जी दस्तावेज तैयार कराने तथा प्रमाण पत्र जारी कराने में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
यह कार्रवाई एसपी चंद्र मोहन सिंह के निर्देशन में की गई। पुलिस टीम ने राजस्थान पहुंचकर आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
