कोरबा: रामदेव पीर जयंती पर भव्य समारोह, गुजराती समाज की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ

✍️ भागीरथी यादव

 

 

मंत्री लखनलाल देवांगन ने समाज भवन के लिए 20 लाख रुपए देने की घोषणा, जनप्रतिनिधियों ने समाज के योगदान को सराहा

कोरबा। डीडीएम रोड स्थित श्री गुजराती समाज भवन एवं जलाराम मंदिर परिसर में श्री गुजराती समाज, कोरबा और श्री जलाराम सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में रामदेव पीर जयंती समारोह श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने संत श्री जलाराम बापा, राम दरबार और श्री रामदेव पीर की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

समारोह के दौरान श्री गुजराती समाज की नवीन कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण भी कराया गया। समाज के संरक्षक धीरेन संघवी ने सर्वसम्मति से निर्वाचित अध्यक्ष मनोज शर्मा को मंच पर आमंत्रित किया। अध्यक्ष मनोज शर्मा ने अपनी नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की घोषणा की, जिन्हें मुख्य अतिथि मंत्री लखनलाल देवांगन ने पद एवं निष्ठा की शपथ दिलाई। मंत्री ने नई टीम को बधाई देते हुए समाज की एकता, सेवा और प्रगति के लिए कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।

समाज भवन के लिए 20 लाख की घोषणा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने गुजराती समाज के सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की। उन्होंने समाज भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू किए गए सेवा संकल्प अभियान की जानकारी भी दी। राशि की घोषणा पर समाज के अध्यक्ष मनोज शर्मा ने समाज की ओर से मंत्री का आभार जताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने की। उन्होंने कहा कि रामदेव पीर जयंती के अवसर पर नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समाज को नई दिशा और ऊर्जा देगा। उन्होंने पदाधिकारियों से सभी को साथ लेकर सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि गुजराती समाज व्यापारिक क्षेत्र के साथ-साथ सामाजिक सेवा में भी महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है। उन्होंने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।

भजन प्रस्तुति ने बांधा समां

समारोह में नागपुर के युवा भजन गायक सुमित शर्मा ने मधुर भजनों की प्रस्तुति दी। वहीं पंडित उमाशंकर शास्त्री के नेतृत्व में आचार्यों ने विधि-विधान से पूजा-अभिषेक संपन्न कराया। मुख्य अतिथि मंत्री लखनलाल देवांगन ने भजन गायक सुमित शर्मा एवं पंडित उमाशंकर शास्त्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में समाज के संरक्षक शांतिलाल चौहान, धीरेन संघवी, श्री जलाराम सेवा समिति के अध्यक्ष संजय चौहान सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। अतिथियों का समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन सुरेश चौहान ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन पीयूष राठौड़ ने किया।

आयोजन में भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, राकेश नागरमल अग्रवाल, नरेंद्र पाटनवार, आकाश श्रीवास्तव, अभिषेक पालीवाल सहित समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। महिला मंडल की अध्यक्ष बिंदु मकवाना के नेतृत्व में सदस्यों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।