

✍️ भागीरथी यादव
कोरबा/दर्री। दर्री स्थित सीएसईबी प्लांट के 13 नंबर कन्वेयर पट्टा नहर रोड क्षेत्र में कोयला चोरी का मामला एक बार फिर हिंसक रूप लेता नजर आया। चोरी रोकने पहुंचे सीएसईबी गार्ड रविंद्र चौहान पर कोयला चोरों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि रविंद्र चौहान सीएसईबी बोर्ड के कर्मी हैं और ड्यूटी के दौरान संदिग्ध गतिविधियों को रोकने पहुंचे थे।
इसी दौरान चोरों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि उसके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं, वहीं हाथ की उंगली टूटने की भी जानकारी सामने आई है।
घायल गार्ड को तत्काल उपचार के लिए SADA COLONY NKH Hospital में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद सीएसईबी कर्मचारियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
