✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित ईएसआईसी अस्पताल परिसर में कर्मचारी आवास में रहने वाले 30 वर्षीय डॉक्टर डॉ. एल्विन वे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार शाम उनका शव आवास के बाथरूम में नायलॉन की रस्सी के फंदे पर लटका मिला। उनके हाथ पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि डॉ. एल्विन की शनिवार सुबह ओपीडी में ड्यूटी थी, लेकिन वे अस्पताल नहीं पहुंचे। स्टाफ ने फोन किया, मगर जवाब नहीं मिला। शाम तक संपर्क नहीं होने पर कर्मचारी उनके आवास पहुंचे। अंदर से दरवाजा बंद था। खिड़की का कांच तोड़कर दरवाजा खोला गया, जिसके बाद बाथरूम में उनका शव मिला।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को प्रेम प्रसंग से जुड़ी जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि डॉ. एल्विन का कोयंबटूर की युवती से करीब दो साल से संबंध था। अगस्त में वे युवती के परिजनों से मिले और शादी के लिए चर्च में आवेदन भी किया था। बाद में दोनों के बीच विवाद के बाद रिश्ता टूट गया। इसके बाद से डॉक्टर तनाव में और गुमसुम रहने की बात सामने आई है।
मूल रूप से केरल के पालक्काड निवासी डॉ. एल्विन करीब एक साल से कोरबा ईएसआईसी अस्पताल में पदस्थ थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।
