✍️ भागीरथी यादव
कोरबा, 8 अगस्त। एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र में संचालित विभागीय एवं ठेका कंपनियों में स्थानीय भू-प्रभावित युवाओं को रोजगार देने की मांग को लेकर वार्ड क्रमांक 65 के पार्षद प्रेम कुमार साहू ने क्षेत्रीय महाप्रबंधक के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से भूमि अधिग्रहण से प्रभावित परिवारों के युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
पार्षद प्रेम कुमार साहू ने बताया कि एसईसीएल कुसमुंडा परियोजना के लिए कोयला उत्पादन के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर भूमि का अधिग्रहण किया गया था। भूमि अधिग्रहण के बाद प्रभावित परिवारों को रोजगार मिलने की उम्मीद थी, लेकिन कई स्थानीय युवा अब भी रोजगार के लिए भटक रहे हैं। रोजगार के अभाव में प्रभावित परिवारों की आर्थिक स्थिति भी प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन में कहा गया है कि क्षेत्र के कई भू-प्रभावित युवाओं के पास ड्राइवर, डोजर ऑपरेटर, प्राइम मूवर ऑपरेटर, पीसी ऑपरेटर, हेल्पर और सुपरवाइजर सहित विभिन्न कार्यों का अनुभव एवं तकनीकी दक्षता है। इसके बावजूद उन्हें स्थानीय स्तर पर पर्याप्त रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे हैं।
पार्षद ने मांग की है कि कुसमुंडा क्षेत्र में कार्यरत एसईसीएल की विभागीय गतिविधियों के साथ-साथ विभिन्न ठेका कंपनियों में स्थानीय भू-प्रभावित युवाओं को उनकी योग्यता एवं अनुभव के आधार पर प्राथमिकता से रोजगार दिया जाए। उन्होंने कहा कि इससे लंबे समय से रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे प्रभावित परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूती मिलेगी और क्षेत्र में रोजगार को लेकर व्याप्त असंतोष भी कम होगा।
