✍️ भागीरथी यादव
धमतरी। मगरलोड थाना क्षेत्र की करेलीबड़ी चौकी पुलिस ने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों से लाठी-डंडों और छाता से मारपीट करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे और एक छाता भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम धौराभाटा निवासी नारद लहरे (46) ने चौकी करेलीबड़ी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 अगस्त 2026 की रात करीब 8:30 बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद था। इसी दौरान गांव के पूरन महिलांगे, टोमन महिलांगे और दाऊ लाल महिलांगे कथित तौर पर एक राय होकर लाठी-डंडे लेकर उसके घर में घुस आए।
बताया गया कि प्रार्थी के पुत्र द्वारा मोबाइल पर बातचीत और मैसेज करने की बात को लेकर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए प्रार्थी, उसके पुत्रों और पत्नी के साथ मारपीट की। घटना में नारद लहरे के सिर में चोट आई।
शिकायत के आधार पर मगरलोड थाना एवं करेलीबड़ी चौकी में अपराध क्रमांक 150/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(2), 331(6), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पूरन महिलांगे (29), टोमन महिलांगे (24) और दाऊ लाल महिलांगे (60), सभी निवासी ग्राम धौराभाटा, को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो डंडे और एक छाता जब्त किया गया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय के निर्देशन में की गई। पुलिस ने जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
