कोरबा ब्रेकिंग: कुसमुंडा खदान में ओवरलोड कोयला परिवहन का मामला, दो ट्रक पकड़े जाने की जानकारी….

✍️ भागीरथी यादव 

 

 

 

कोरबा। एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र की खदान में कोयला परिवहन व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। खदान परिसर में दो वाहनों को क्षमता से अधिक कोयला लदे होने की स्थिति में पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। दोनों वाहनों के नंबर CG10BU6771 और CG10BU6772 बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, खदान की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने दोनों ट्रकों को परिसर के भीतर पकड़ा था। इसके बाद वाहनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए कुसमुंडा चौकी ले जाने की बात सामने आई, लेकिन बताया जा रहा है कि दोनों वाहन चौकी तक नहीं पहुंचे। फिलहाल इनके संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

मामले में कोयला लोड करने वाले लोडर को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। दोनों ट्रकों में कोयला किस लोडर से भरा गया और घटना सामने आने के बाद संबंधित लोडर कहां है, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

वहीं, खदान में ओवरलोडिंग को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। कुछ लोगों द्वारा मामले में अनियमितता और लेनदेन से जुड़े आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित अधिकारियों की भूमिका जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

अब जांच में यह सामने आना महत्वपूर्ण होगा कि दोनों वाहनों में निर्धारित सीमा से अधिक कोयला किस स्तर पर लोड किया गया, खदान की निगरानी व्यवस्था के बावजूद ओवरलोड वाहन कैसे तैयार हुए तथा पकड़े जाने के बाद वाहनों को चौकी तक क्यों नहीं पहुंचाया गया।

मामले में ट्रकों की लोडिंग प्रक्रिया, संबंधित लोडर, चालक, परिवहन व्यवस्था और निगरानी में तैनात कर्मचारियों की भूमिका की जांच किए जाने की आवश्यकता है। निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।