कोरबा: बांस की बल्ली ले जा रहे युवक से 5 हजार की वसूली का आरोप…

✍️ भागीरथी यादव

 

 

सिविल ड्रेस में पहुंचे दो लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दी जेल भेजने की धमकी, एसपी से शिकायत

कोरबा। बालको थाना क्षेत्र की रजगामार चौकी में पदस्थ आरक्षक पर वसूली का आरोप सामने आया है। गोढ़ी निवासी योगेंद्र कुमार ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोप लगाया है कि बांस की बल्ली लेकर ट्रैक्टर से जा रहे उसे सिविल ड्रेस में पहुंचे दो लोगों ने रोक लिया और खुद को रजगामार चौकी का पुलिसकर्मी बताया।

शिकायत के मुताबिक दोनों लोगों ने बिना परमिट बांस ले जाने की बात कहते हुए युवक को जेल भेजने की धमकी दी और रुपए की मांग की। कार्रवाई के डर से योगेंद्र कुमार ने ऑनलाइन माध्यम से 5 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। राशि मिलने के बाद दोनों लोगों ने उसे जाने दिया।

घटना के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत कोरबा एसपी कार्यालय में करते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की। शिकायत पर एसपी ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि रजगामार चौकी में पदस्थ आरक्षक के खिलाफ वसूली की शिकायत एसपी कार्यालय में प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ऑनलाइन ट्रांजैक्शन से जुड़े रिकॉर्ड के आधार पर भी मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।