कोरबा ब्रेकिंग: मल्टी लेवल पार्किंग के पास जमीन नापने पहुंची तहसीलदार की टीम देखें वीडियो….

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। मल्टी लेवल पार्किंग के समीप प्रस्तावित चौपाटी को लेकर बुधवार को दुबई रोड क्षेत्र में प्रशासनिक गतिविधियां तेज नजर आईं। तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और प्रस्तावित स्थल की जमीन का सीमांकन शुरू किया।

राजस्व अमले द्वारा जमीन की सीमाओं और मौके की स्थिति का जायजा लिया गया। प्रशासनिक टीम के पहुंचने के बाद आसपास संचालित ग्रेनाइट कारोबार से जुड़े लोगों में भी हलचल देखने को मिली। कारोबारियों की नजरें सीमांकन की कार्रवाई पर बनी रहीं।

बताया जा रहा है कि मल्टी लेवल पार्किंग के पास चौपाटी विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसी प्रक्रिया के तहत राजस्व विभाग द्वारा स्थल का भौतिक निरीक्षण और सीमांकन किया जा रहा है। हालांकि, सीमांकन पूरा होने के बाद ही प्रस्तावित चौपाटी के लिए उपलब्ध जमीन और उसकी वास्तविक सीमा को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इस बीच यह भी चर्चा है कि पूर्व में चौपाटी को लेकर मंत्री स्तर पर आश्वासन दिया गया था। अब राजस्व विभाग की कार्रवाई सामने आने के बाद इस योजना को लेकर एक बार फिर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

सीमांकन के बाद यह स्पष्ट होगा कि प्रस्तावित चौपाटी की सीमा कहां तक निर्धारित होती है और वर्तमान में संचालित ग्रेनाइट कारोबार पर इसका कोई असर पड़ेगा या नहीं। फिलहाल प्रशासन की कार्रवाई के कारण दुबई रोड क्षेत्र में लोगों की नजरें आगे की स्थिति पर टिकी हुई हैं।