✍️ भागीरथी यादव
लोकहड़ा गांव में घर से करीब 100 मीटर दूर मिला लहूलुहान शव, जांच में जुटी पुलिस
कोरबा, 23 सितंबर। पसान थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लैगा के आश्रित ग्राम लोकहड़ा में बुधवार सुबह 25 वर्षीय युवती सुकमनिया एक्का की हत्या का मामला सामने आया है। युवती का शव उसके घर से करीब 100 मीटर दूर लहूलुहान हालत में मिला। सिर पर भारी पत्थर से वार कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सुबह ग्रामीणों ने युवती का शव देखा, जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पसान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। आशंका है कि अज्ञात हमलावर ने पत्थर से वार कर उसकी हत्या की और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और घटना में शामिल आरोपी के संबंध में फिलहाल पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस घटनास्थल से मिले संभावित साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। युवती के परिचितों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि जल्द ही हत्या के कारणों का पता लगाकर आरोपी की पहचान की जा सके।
