✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। दीपका थाना क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल शक्तिनगर-गेवरा मार्ग पर गुरुवार को एक चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा पलटा। हादसे में वाहन चालक समेत उसमें सवार अन्य लोग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, वाहन मुख्य मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और वाहन सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। हादसा चालक की लापरवाही के कारण होने की बात सामने आ रही है, हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना के दौरान मुख्य मार्ग से गुजर रहे लोगों ने सड़क से नीचे पलटे वाहन को देखा तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। गनीमत रही कि हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
