हादसा नहीं, हत्या निकली प्रेमलाल की मौत

✍️ भागीरथी यादव

 

 

राजनांदगांव। चिचोला पुलिस ने प्रेमलाल साहू की मौत के मामले की गुत्थी सुलझाते हुए सनसनीखेज हत्या का पर्दाफाश किया है। शुरुआती तौर पर जिस घटना को सड़क हादसा माना जा रहा था, वह दरअसल सुनियोजित हत्या निकली। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी गंगोत्री साहू और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, 10 अगस्त की रात महाराजपुर भारत पेट्रोल पंप के समीप एनएच-53 के किनारे एक गड्ढे में प्रेमलाल साहू का शव मिला था। उसके चेहरे, नाक और माथे पर चोट के निशान थे और खून निकला हुआ था। शव के पास खून से सना भारी पत्थर मिलने से पुलिस को घटना को लेकर संदेह हुआ।

मृतक के भाई ओमप्रकाश साहू की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल की परिस्थितियों के साथ मृतक के पारिवारिक और निजी संबंधों की भी पड़ताल की। इसी दौरान पुलिस के सामने मृतक की पत्नी के गांव के ही एक युवक से संबंध होने की बात सामने आई।

रिश्ते में पति बन रहा था बाधा

एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि गंगोत्री साहू और उसके प्रेमी ने प्रेमलाल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। आरोप है कि दोनों ने मिलकर उस पर पत्थर से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद शव को सड़क किनारे गड्ढे में डाल दिया गया, ताकि पुलिस को मामला दुर्घटना का लगे।