✍️ भागीरथी यादव
ओडिशा से सस्ते दाम में खरीदकर सीपत क्षेत्र में खपाने की थी तैयारी, 6.50 लाख का गांजा जब्त
बिलासपुर/मस्तूरी। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसीसीयू बिलासपुर और मस्तूरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जयरामनगर रेलवे फाटक के पास 13 किलो गांजा के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन युवक और एक महिला जयरामनगर रेलवे फाटक के पास ओवरब्रिज के नीचे पिट्ठू बैग और झोले में गांजा लेकर खड़े हैं और ग्राम मटियारी, सीपत जाने के लिए ऑटो या बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही एसीसीयू और मस्तूरी पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश सिसोदिया (21), पूर्वा मालिया (20), कृष्णा पाण्डेय (23), सभी निवासी मटियारी, थाना सीपत, तथा नीरज नायक (19), निवासी उमरिया, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले से सस्ते दाम में खरीदकर मटियारी और सीपत क्षेत्र में महंगे दाम पर बेचने के लिए लाने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना मस्तूरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी), 29 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। कार्रवाई में एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, मस्तूरी थाना प्रभारी निरीक्षक सलीम खाका सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
