✍️ भागीरथी यादव
कोरबी से सुशील जयसवाल की रिपोर्ट
पनगवां हत्याकांड में मुख्य आरोपी समेत 65 वर्षीय दादी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद
कोरबा/कोरबी-चोटिया। पसान थाना क्षेत्र की कोरबी चौकी अंतर्गत ग्राम पनगवां में जादू-टोना के संदेह ने खूनी वारदात का रूप ले लिया। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे परिवार को लेकर एक युवक ने अपने ही चाचा पर जादू-टोना करने का शक जताया और धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही मामले में उसकी 65 वर्षीय दादी को भी कथित रूप से उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक घटना शनिवार रात करीब 9 बजे की है। आरोपी दुर्गेश कुरूम (28) के परिवार में कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें चल रही थीं। इलाज के बावजूद राहत नहीं मिलने पर उसे चाचा गुलाब सिंह (55) पर जादू-टोना करने का संदेह हुआ। इसी बात को लेकर उसने गुलाब सिंह पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से गुलाब सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना पर कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। तलाश के बाद पुलिस ने रविवार सुबह दुर्गेश को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसकी दादी इतवरिया बाई (65) को भी उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की है। मामले में आगे की जांच जारी है।
