टूटे तार ने ली युवक की जान

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर। रतनपुर क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। पूजा के लिए मंदिर जा रहे युवक की सड़क पर टूटकर गिरे करंट प्रवाहित एलटी तार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान ईश्वर अनंत उर्फ राजू के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, रतनपुर के आठाबिसा तालाब के पास बिजली का एलटी तार टूटकर सीसी रोड पर गिरा हुआ था। शुक्रवार रात ईश्वर अनंत इसी रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान वह जमीन पर पड़े बिजली के तार के संपर्क में आ गया। करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां कुछ दिन पहले भी भेड़ीमुड़ा क्षेत्र के एक युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हुई थी। इसके बावजूद बिजली के टूटे तार को समय रहते नहीं हटाए जाने से स्थानीय लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी है। लोगों ने ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बिजली व्यवस्था की तत्काल जांच और लापरवाही पर कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।