विद्यालय में रैगिंग का आरोप, दो जूनियर छात्रों के सिर में आई चोट

✍️ भागीरथी यादव

 

 

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में जूनियर छात्रों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार, 3 सितंबर की देर रात 12वीं कक्षा के कुछ छात्रों ने 11वीं में पढ़ने वाले दो छात्रों के साथ कथित तौर पर रैगिंग की। इस दौरान लोहे के कड़े से सिर पर हमला किए जाने से दोनों छात्र घायल हो गए।

 

घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच हॉस्टल में वरिष्ठ छात्रों और जूनियर छात्रों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि रैगिंग के दौरान दो छात्रों के सिर पर लोहे के कड़े से वार किया गया। चोट लगने के बाद दोनों छात्र घायल होकर बेहोश हो गए।

घटना के बाद घायल छात्रों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। मामले की जानकारी जब पुलिस तक पहुंची, तब परिजनों को घटना के बारे में पता चला। परिजनों ने हॉस्टल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने मामले में चार नाबालिग छात्रों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े तथ्यों की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद विद्यालय के अन्य छात्रों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल बताया जा रहा है। वहीं अभिभावकों ने हॉस्टल में रहने वाले बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

घायल छात्र प्रशांत के पिता अजय कुमार मार्को के अनुसार, उनके बेटे ने फोन पर घटना की जानकारी दी थी। बेटे ने वरिष्ठ छात्रों द्वारा रैगिंग के दौरान मारपीट किए जाने की बात बताई। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद हॉस्टल अधीक्षक और प्राचार्य की ओर से परिवार को तत्काल सूचना नहीं दी गई। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर उचित कार्रवाई की मांग की है।