दर्री साडा कॉलोनी की पार्किंग पर कब्जा, महीनों से खड़े वाहन

✍️ भागीरथी यादव

 

 

दर्री/कोरबा। दर्री साडा कॉलोनी में नगर निगम द्वारा लोगों की सुविधा के लिए बनाए गए वाहन पार्किंग स्थल का उपयोग अब कुछ वाहन मालिक निजी कब्जे की तरह कर रहे हैं। पार्किंग में कई वाहन महीनों से एक ही जगह खड़े हैं, जिन पर धूल की मोटी परत जम चुकी है। लंबे समय से उपयोग में नहीं आ रहे इन वाहनों के कारण पार्किंग की जगह आम लोगों के लिए उपलब्ध नहीं हो पा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पार्किंग स्थल का उद्देश्य कॉलोनीवासियों और आने-जाने वाले लोगों को अपने वाहन सुरक्षित तरीके से खड़ा करने की सुविधा देना है, लेकिन कुछ वाहन मालिक यहां अपने वाहनों को लंबे समय तक खड़ा कर जगह घेर रहे हैं। स्थिति यह है कि पार्किंग में जगह नहीं मिलने के कारण कई लोगों को अपने वाहन सड़क किनारे खड़े करने पड़ते हैं।

सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े होने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। व्यस्त समय में सड़क संकरी होने के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं, दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक सुविधा के लिए बनाई गई पार्किंग को किसी व्यक्ति के निजी स्टैंड में तब्दील नहीं होने दिया जाना चाहिए। लंबे समय से खड़े और अनुपयोगी वाहनों की जांच कर उन्हें हटाने के साथ पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने की आवश्यकता है।

माँग है नगर निगम और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों से  कि पार्किंग स्थल का निरीक्षण कर महीनों से खड़े वाहनों को हटाने की कार्रवाई की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि पार्किंग का लाभ सभी लोगों को समान रूप से मिल सके।