शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो चाकू से हमला

✍️ भागीरथी यादव

 

 

धमतरी। शराब पीने के लिए पैसे देने से मना करने पर युवक ने एक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी बहन से भी मारपीट की गई। सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में आरोपी कृष भारती (20) निवासी महंत घासीदास वार्ड, जालमपुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 10.5 इंच लंबा धारदार चाकू भी बरामद कर जब्त किया है।

 

पुलिस के अनुसार 28 अगस्त को अभिषेक बंजारे मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। जालमपुर मिडिल स्कूल के पास कृष भारती ने उसका रास्ता रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और चाकू से हमला कर अभिषेक को घायल कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची अभिषेक की बहन शारदा टेकाम के साथ भी आरोपी ने धक्का-मुक्की और मारपीट की।

घटना की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 209/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार की और उसकी निशानदेही पर स्टील का धारदार चाकू बरामद किया गया। हथियार बरामद होने के बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ी गई।

पुलिस ने आरोपी कृष भारती को 30 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 12 सितंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।