लाफा में घर-घर बिक रही महुआ शराब, सैकड़ों महिलाओं ने कलेक्टर से की शिकायत

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। ग्राम लाफा में कथित तौर पर अवैध रूप से महुआ शराब की बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है। गांव में घर-घर महुआ शराब बेचे जाने का आरोप लगाते हुए सैकड़ों महिलाएं सोमवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं और कलेक्टर को शिकायत सौंपकर अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

महिलाओं का कहना है कि गांव में लंबे समय से कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से अवैध तरीके से महुआ शराब तैयार कर उसकी बिक्री की जा रही है। शराब की बिक्री घर-घर होने से गांव का माहौल प्रभावित हो रहा है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि शराब के सेवन के कारण कई परिवारों में विवाद की स्थिति बन रही है और इसका सबसे अधिक असर महिलाओं व बच्चों पर पड़ रहा है।

शिकायत लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं महिलाओं ने प्रशासन से मामले की जांच कराने तथा अवैध शराब कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। महिलाओं ने कहा कि गांव में खुले तौर पर शराब की बिक्री होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समस्या लगातार बढ़ रही है।

महिलाओं ने प्रशासन से मांग की कि गांव में जांच टीम भेजकर शराब बनाने और बेचने वालों की पहचान की जाए। साथ ही अवैध रूप से संचालित गतिविधियों पर रोक लगाकर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

सैकड़ों महिलाओं के एक साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचने से प्रशासन का ध्यान गांव की इस समस्या की ओर आकर्षित हुआ। महिलाओं ने स्पष्ट किया कि यदि अवैध शराब बिक्री पर जल्द रोक नहीं लगाई गई तो वे आगे भी सामूहिक रूप से आंदोलन और शिकायत का रास्ता अपनाएंगी। मामले में प्रशासन की कार्रवाई का ग्रामीणों को इंतजार है।