✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम चितापाली में डोमनाला के पास सोमवार सुबह 21 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान संजय धनवार, पिता सुख सिंह धनवार, निवासी चितापाली के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार संजय रविवार रात से घर नहीं पहुंचा था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह डोमनाला के पास युवक का शव मिलने की जानकारी सामने आई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना उरगा पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामले की जांच भी प्रारंभ कर दी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
