निगम कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों की गैरमौजूदगी पर कांग्रेस पार्षदों ने उठाए सवाल

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। नगर निगम कोरबा के प्रशासनिक भवन साकेत में सोमवार को कांग्रेस पार्षदों ने अचानक पहुंचकर कार्यालयीन व्यवस्था का जायजा लिया। पार्षद कैमरा लेकर निगम कार्यालय पहुंचे और अलग-अलग शाखाओं एवं अधिकारियों के कक्षों में कर्मचारियों की मौजूदगी देखी।

 

सुबह करीब 11 बजे किए गए इस निरीक्षण के दौरान पार्षद आवक-जावक शाखा में पहुंचे, जहां उन्हें कोई कर्मचारी नजर नहीं आया। इसके बाद वे उपायुक्त पवन वर्मा के कक्ष में पहुंचे। कक्ष में अधिकारी मौजूद नहीं थे, जबकि पंखा चलता हुआ मिला। पार्षदों ने इस पूरे निरीक्षण को कैमरे में रिकॉर्ड किया।

निरीक्षण के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने निगम की कार्यप्रणाली और कार्यालयीन उपस्थिति को लेकर सवाल उठाए। उनका कहना था कि कार्यालय में निर्धारित समय पर अधिकारी-कर्मचारियों की मौजूदगी नहीं होने से आम नागरिकों को अपने काम के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

पार्षदों ने निगम के विभिन्न हिस्सों में जाकर स्थिति का जायजा लिया और कई स्थानों पर कर्मचारियों की अनुपस्थिति को लेकर नाराजगी जताई। इस दौरान रिकॉर्ड किया गया वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है।

कांग्रेस पार्षदों ने मांग की कि निगम कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों को अपने काम के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।