खेत में काम कर रहे किसान पर गिरी गाज, मौत

✍️ भागीरथी यादव

 

पाली क्षेत्र के ग्राम लिटियाखार में हादसा, 35 वर्षीय हेमंत कंवर की मौत से गांव में शोक

 

पाली, 8 अगस्त। कोरबा जिले के पाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लिटियाखार में शनिवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे एक किसान की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान ग्राम लिटियाखार निवासी हेमंत कंवर (35 वर्ष) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार हेमंत कंवर शनिवार दोपहर अपने खेत में धान की निराई-गुड़ाई का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली खेत में गिरी। इसकी चपेट में आने से हेमंत गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर गिर पड़ा।

 

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। हेमंत को तत्काल उपचार के लिए पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

 

हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। बताया जा रहा है कि हेमंत परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत से पत्नी और दो छोटे बच्चों सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

 

ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को शासन के प्रावधानों के अनुसार आपदा राहत राशि एवं मुआवजा जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि परिवार को आर्थिक सहायता मिल सके।