✍️ भागीरथी यादव
कोरबा/कटघोरा। कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम जुराली में एक मजदूर के साथ मारपीट कर उसे अहिरन नदी में फेंकने और उसके पास रखी करीब 10 हजार रुपये की मजदूरी लूटने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल मजदूर ने नदी में बहते समय लकड़ी का सहारा लेकर अपनी जान बचाई। पूरी रात नदी किनारे पड़े रहने के बाद सुबह राहगीरों ने उसे देखा और परिजनों को सूचना दी।
जुराली निवासी किशन लाल पटेल (53) दीपका में कोयला लेबलिंग का काम करता है। शुक्रवार शाम वह करीब एक सप्ताह बाद मजदूरी कर अपने गांव लौट रहा था। गांव के पास कुछ लोगों को शराब पीते देख वह भी उनके साथ बैठ गया। इसी दौरान उसके पास मजदूरी की रकम होने की जानकारी आरोपियों को हो गई।
बताया जा रहा है कि इसके बाद आरोपियों ने किशन लाल को बाइक पर बैठाया और अहिरन नदी के किनारे पंप हाउस के पास ले गए। वहां उसके साथ मारपीट की गई और फिर उसे नदी में धकेल दिया गया। तेज बहाव में बहते किशन लाल को एक लकड़ी का सहारा मिल गया। उसने किसी तरह नदी के किनारे पहुंचकर अपनी जान बचाई, लेकिन इसके बाद बेहोश होकर वहीं गिर पड़ा।
पूरी रात बारिश के बीच नदी किनारे पड़े रहने के बाद सुबह राहगीरों की नजर उस पर पड़ी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
अस्पताल में होश आने के बाद किशन लाल ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं और चेहरा भी सूजा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसका बयान दर्ज नहीं किया जा सका।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
