✍️ भागीरथी यादव
सारंगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने शुक्रवार को सारंगढ़ उप जेल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल परिसर में चल रहे बैरक निर्माण कार्यों का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जेल में निरुद्ध बंदियों की संख्या, रहने की व्यवस्था, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी जेलर से ली। जेलर ने बताया कि उप जेल में निरुद्ध अधिकांश बंदी स्थानीय सारंगढ़ जिले के हैं।
कलेक्टर ने सारंगढ़ बीएमओ को निर्देश दिए कि बंदियों का नियमित रूप से मेडिकल टीम के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। कलेक्टर एवं एसपी ने बंदियों से बातचीत कर उनकी दैनिक दिनचर्या, भोजन व्यवस्था तथा अन्य सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सारंगढ़ उमेश कुमार साहू, सीएमएचओ डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव, डॉ. रामलाल सिदार, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी, एडिशनल एसपी निमिषा पाण्डेय, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी प्रमोद यादव सहित पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
