✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल की पार्किंग से रविवार को एक दोपहिया वाहन चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद अस्पताल की पार्किंग व्यवस्था और वाहन सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, वाहन मालिक राणा प्रताप सिंह ने अपनी हीरो सीडी डीलक्स बाइक क्रमांक CG 12 AW 2663 को 23 अगस्त को सुबह करीब 10:30 बजे अस्पताल परिसर के पार्किंग क्षेत्र में खड़ा किया था। इसके लिए पार्किंग की पर्ची भी कटाई गई थी। दोपहर करीब 2 बजे जब वे वापस लौटे तो बाइक मौके से गायब थी।

वाहन मालिक का आरोप है कि बाइक चोरी होने की जानकारी पार्किंग कर्मियों को देने पर उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उनका कहना है कि पार्किंग की पर्ची तो काटी जाती है, लेकिन उसमें वाहन का नंबर या मोबाइल नंबर जैसी आवश्यक जानकारी दर्ज नहीं की जाती। ऐसे में चोरी होने की स्थिति में पार्किंग ठेकेदार की जवाबदेही को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
बताया गया है कि पार्किंग क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं। वाहन मालिक द्वारा सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग किए जाने पर उन्हें पुलिस के आने के बाद फुटेज चेक किए जाने की बात कही गई। वहीं, पार्किंग कर्मियों से जवाबदेही को लेकर पूछने पर कथित तौर पर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया गया।

वाहन मालिक ने मांग की है कि अस्पताल परिसर की पार्किंग में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर बाइक चोरी करने वाले व्यक्ति की पहचान की जाए और वाहन बरामद किया जाए।

सवाल यह है कि जब पार्किंग के नाम पर शुल्क लिया जा रहा है, तो वाहन की सुरक्षा और रिकॉर्ड रखने की जिम्मेदारी किसकी है? लगातार वाहन चोरी की शिकायतों के बीच अस्पताल प्रबंधन और पार्किंग ठेकेदार की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। मामले में पुलिस जांच के बाद ही चोरी की घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।
