बांगो-पोड़ी मार्ग पर ग्रामीणों ने कीचड़ में बैठकर किया प्रदर्शन

✍️ भागीरथी यादव

 

 

सड़क निर्माण नहीं होने पर चक्काजाम की चेतावनी

कोरबा, 4 सितंबर 2026। मिनीमाता बांगो बांध क्षेत्र में जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश शुक्रवार को सामने आया। बांगो से पोड़ी ब्लॉक को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति से परेशान सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतर आए। ग्रामीणों ने कीचड़ से लथपथ सड़क पर बैठकर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।

ग्रामीणों के अनुसार बांगो-पोड़ी मार्ग आसपास के पांच प्रमुख गांवों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण रास्ता है। लंबे समय से सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने के साथ ही सड़क कीचड़ और दलदल में बदल जाती है। इससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की समस्या को लेकर पूर्व में जल संसाधन विभाग के कार्यालय का घेराव कर ज्ञापन भी सौंपा गया था। इसके बाद गड्ढों में मिट्टी डलवाई गई, लेकिन बारिश के कारण यही मिट्टी कीचड़ में बदल गई। इससे सड़क की स्थिति और ज्यादा खराब हो गई।

ग्रामीणों का कहना है कि कई वर्षों से सड़क की बदहाली बनी हुई है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने के साथ ही पक्की सड़क का निर्माण कराने की मांग की है।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई तो आने वाले दिनों में चक्काजाम सहित उग्र आंदोलन किया जाएगा।