✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। आगामी कृष्ण जन्माष्टमी और गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में एसपी ऑफिस के सामने 200 से अधिक बदमाशों, संदिग्ध व्यक्तियों और अड्डेबाजों की परेड कराई गई। पुलिस ने सभी को अपराध और असामाजिक गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी हिदायत दी।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2022 से 15 अगस्त 2026 तक चाकूबाजी, धारदार हथियार से जुड़े अपराध, हत्या, हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर मामलों में जेल जा चुके आरोपियों की थाना एवं चौकीवार जानकारी जुटाई गई है। इनके साथ ही ऐसे लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है, जिनसे आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
अभियान के दौरान जिले के अलग-अलग थाना एवं चौकी क्षेत्रों से 200 से अधिक बदमाशों और संदिग्धों को एसपी ऑफिस के सामने बुलाकर परेड कराई गई। पुलिस अधिकारियों ने उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी ली और त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं करने की चेतावनी दी।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि चाकू या धारदार हथियार रखने अथवा उसका प्रदर्शन करने, मारपीट, उपद्रव और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सक्रिय बदमाशों और संभावित उपद्रवियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को बदमाशों और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जन्माष्टमी और गणेश उत्सव के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी एवं कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे त्योहारों के दौरान शांति बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
