
कोरबा। शहर के मध्य स्थित सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत कोहड़िया बस्ती के पास रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब लोगों ने झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा देखा। घटना की खबर फैलते ही इलाके में भारी भीड़ जुट गई और तत्काल इसकी सूचना सीएसईबी चौकी पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान बसंत पटेल के रूप में हुई है, जो बारमपुर का निवासी बताया जा रहा है। युवक की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। शव पर गंभीर चोट के निशान मिलने से मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
पुलिस ने मौके का मुआयना कर शव का पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि मृतक शादीशुदा था और उसके दो छोटे बच्चे भी हैं। अचानक हुई इस वारदात से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य खंगाले जा रहे हैं।
