✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। ग्राम पंचायत भिलाई बाजार इन दिनों भीषण बिजली संकट का सामना कर रहा है। क्षेत्र में लगातार अघोषित बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। स्थिति यह है कि लोगों को 24 घंटे में केवल 3 से 5 घंटे ही बिजली मिल पा रही है।

बिजली आपूर्ति होने के बाद भी राहत नहीं मिल रही। पूरे दिन में कई दर्जन बार बिजली का अप-डाउन (ट्रिपिंग) होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लगातार वोल्टेज में उतार-चढ़ाव के कारण टीवी, फ्रिज, पंखे, कूलर, पानी की मोटर, इन्वर्टर सहित अन्य विद्युत उपकरण खराब हो रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि रलिया नर्सरी के पास एसईसीएल (SECL) द्वारा शिफ्ट किया गया बिजली का खंभा बार-बार झुक जाता है और कई बार गिरने की स्थिति तक पहुंच जाता है। इसी वजह से क्षेत्र में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने की बात सामने आ रही है। कई शिकायतों के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही झुके हुए बिजली के खंभे को सुरक्षित तरीके से नहीं लगाया गया और बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग और एसईसीएल प्रशासन से नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, ट्रिपिंग की समस्या दूर करने तथा खतरनाक स्थिति में खड़े बिजली के खंभे को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है।
