दिशा मैदान गई नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार, CCTV और वाहन नंबर से रतनपुर पुलिस ने दबोचा

✍️ भागीरथी यादव

 

 

रतनपुर/बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में दिशा मैदान के लिए घर के पीछे गई एक नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को रतनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और वाहन नंबर के आधार पर आरोपी तक पहुंचते हुए उसे सिरगिट्टी स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम खैरा निवासी पीड़िता के परिजनों ने 8 जुलाई 2026 को थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसी दिन सुबह करीब 6:30 बजे नाबालिग बालिका घर के पीछे नीलगिरी प्लॉट में दिशा मैदान के लिए गई थी। लौटते समय एक अज्ञात युवक ने पीछे से आकर उसका मुंह दबाया और बुरी नीयत से जमीन पर पटक दिया। बालिका द्वारा शोर मचाने पर आरोपी मौके से अपने पिकअप वाहन में सवार होकर फरार हो गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने तत्काल विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कराई। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान मिले वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान विजय कुमार साहू (26 वर्ष), निवासी सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई।

पुलिस टीम ने सिरगिट्टी स्थित आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक पवन सिंह, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह तथा आरक्षक बिजेन्द्र रात्रे और धीरज कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।