ब्रेकिंग: हाथी का तांडव देखे वीडियो

सुशील जयसवाल

 

कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर वाहनों की लगी लंबी कतार, वन अमले ने जंगल में खदेड़ा

चोटिया/कटघोरा। कटघोरा वन मंडल के केंदई रेंज अंतर्गत ग्राम परला (नवापारा) के पास गुरुवार को एक विशालकाय दंतैल हाथी के एनएच-130 पर आ जाने से अफरा-तफरी मच गई। हाथी के मुख्य मार्ग पर डटे रहने से कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हाथी की मौजूदगी से राहगीरों और वाहन चालकों में दहशत का माहौल रहा।

बताया गया कि जंगल से निकलकर आया दंतैल हाथी काफी देर तक एनएच-130 पर चहलकदमी करता रहा। हाथी के आक्रामक रुख को देखते हुए बस, ट्रक और अन्य वाहनों को रोक दिया गया। मार्ग अवरुद्ध होने से कई वाहन काफी देर तक फंसे रहे।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और हाथी मित्र दल मौके पर पहुंचा। वन अमले ने सुरक्षा के बीच हाथी को मार्ग से हटाकर जंगल की ओर ले जाने का प्रयास शुरू किया। गाड़ियों के सायरन और अन्य आवश्यक उपायों के जरिए काफी मशक्कत के बाद हाथी को सड़क से हटाकर घने जंगल की ओर खदेड़ने में सफलता मिली। इसके बाद एनएच-130 पर यातायात सामान्य हो सका।

रेस्क्यू एवं यातायात नियंत्रण के दौरान परिक्षेत्र सहायक सुनील डिक्सेना, वन कर्मचारी अशोक श्रीवास, प्रीतम पुराइन सहित हाथी मित्र दल और अन्य वनकर्मी मौके पर मौजूद रहे।

वन विभाग ने क्षेत्र के ग्रामीणों और एनएच-130 से गुजरने वाले वाहन चालकों से सतर्कता बरतने की अपील की है। विशेषकर शाम और अलसुबह हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में सावधानी से वाहन चलाने तथा हाथी दिखाई देने पर उससे दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। विभाग ने लोगों से हाथी के करीब जाकर फोटो-वीडियो नहीं बनाने और तत्काल वन विभाग को सूचना देने कहा है।