✍️ भागीरथी यादव
धमतरी। जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम कंडेल में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गाली-गलौज और मारपीट के दौरान एक युवक ने नुकीले पेचकस से दो युवकों पर हमला कर दिया। घटना की सूचना के बाद अर्जुनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पेचकस भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे नीरज साहू अपने साथी सुरेन्द्र कुमार साहू और लुकेश यादव के साथ ग्राम कंडेल के चबूतरे पर बैठा था। इसी दौरान सुरेन्द्र पानी लेकर वापस लौट रहा था, तभी गांव के सौरभ साहू ने उसके साथ विवाद करते हुए गाली-गलौज की और हाथ-मुक्का व लात से मारपीट शुरू कर दी।

सुरेन्द्र के साथ मारपीट होते देखकर नीरज बीच-बचाव करने पहुंचा। आरोप है कि इसी दौरान सौरभ ने नुकीले पेचकस से नीरज के सिर के पिछले हिस्से पर वार कर दिया। नीरज के शोर मचाने पर उसका छोटा भाई कोपेश्वर साहू मौके पर पहुंचा, तो आरोपी ने उसके सिर और गाल पर भी पेचकस से हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।

रिपोर्ट पर अर्जुनी पुलिस ने अपराध क्रमांक 118/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 118(1), 351(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल नुकीला पेचकस बरामद कर जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ साहू (30), पिता दिलीप साहू, निवासी ग्राम कंडेल, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपसी विवाद को हिंसक रूप देने और हथियारनुमा वस्तुओं से हमला करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
