NTPC को लगा 15 लाख का जुर्माना….

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। जिले में फ्लाई ऐश (राखड़) के अवैध डंपिंग के खिलाफ छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने बड़ी कार्रवाई की है। क्षेत्रीय कार्यालय कोरबा ने पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन के मामले में मेसर्स NTPC लिमिटेड, जमनीपाली पर 15 लाख रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की है।

जानकारी के अनुसार, पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय को अवैध रूप से राखड़ डंप किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद 9 सितंबर की रात विभागीय टीम ने रूमगरा हवाई पट्टी चौक के पास गुप्ता होटल के समीप स्थित भूमि पर जांच की। इस दौरान वहां फ्लाई ऐश खाली करते हुए कुछ वाहनों को पकड़ा गया।

जांच में सामने आया कि संबंधित वाहन NTPC जमनीपाली के धनरास राखड़ बांध से फ्लाई ऐश लेकर निर्धारित स्थल के बजाय उक्त स्थान पर अवैध रूप से डंप कर रहे थे। विभाग ने मौके पर मौजूद राखड़ की मात्रा और मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई शुरू की।

क्षेत्रीय अधिकारी प्रसन्न सोनकर ने मामले की जानकारी NTPC प्रबंधन के अधिकारियों को दी और आवश्यक निर्देश जारी किए। इसके बाद स्थल पर पाई गई राखड़ की मात्रा के आधार पर NTPC पर 15 लाख रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति का आदेश जारी किया गया।

पर्यावरण संरक्षण मंडल ने स्पष्ट किया है कि फ्लाई ऐश के परिवहन और निपटान में निर्धारित नियमों का पालन अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी कर राखड़ डंप करने वाले वाहनों और संबंधित संस्थानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।