इंदिरा नगर जमनीपाली के आर्यन स्वामी और प्रगति नगर के गज्जू यादव नहीं रहे, रायपुर हादसे ने छीन ली दो जिंदगियां देखें वीडियो

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा/जमनीपाली। रायपुर के सोमनाथ मंदिर के पास शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में कोरबा के दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दुखद घटना ने जमनीपाली और प्रगति नगर सहित पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है।

मृतकों की पहचान इंदिरा नगर, जमनीपाली निवासी आर्यन स्वामी और प्रगति नगर निवासी गज्जू यादव के रूप में हुई है। दोनों युवक रायपुर में काम करते थे और देर रात ड्यूक बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सोमनाथ मंदिर के पास उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई।

हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। शनिवार को परिजन रायपुर पहुंचे और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर दोनों युवकों के पार्थिव शरीर को कोरबा लाने की तैयारी में जुट गए।

इस हादसे का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि आर्यन स्वामी अपने पीछे लगभग 6 महीने की एक मासूम बच्ची छोड़ गए हैं, जिसने अभी ठीक से अपने पिता का चेहरा भी नहीं पहचाना था। परिवार के लोगों का कहना है कि आर्यन अपनी बेटी के भविष्य को संवारने के लिए मेहनत-मजदूरी करने रायपुर गए थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। पिता की मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।

वहीं गज्जू यादव की असमय मौत से भी परिवार और मोहल्ले में गहरा दुख है। दोनों युवकों को जानने वाले लोग उनकी मिलनसारिता और मेहनती स्वभाव को याद कर नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

कल तक अपने परिवार के लिए सपने बुन रहे दो युवा आज इस दुनिया में नहीं हैं। उनकी असमय मौत ने न केवल दो परिवारों का सहारा छीन लिया, बल्कि पूरे क्षेत्र को गम में डुबो दिया है। जमनीपाली और प्रगति नगर में हर आंख नम है और हर जुबान पर यही सवाल है कि आखिर इतनी कम उम्र में दो जिंदगियां यूं क्यों खत्म हो गईं।