✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। पुरानी बस्ती रानी रोड स्थित सिंधी कॉलोनी में शुक्रवार देर रात चोरी की एक सनसनीखेज कोशिश उस समय नाकाम हो गई, जब चोर पकड़े जाने के डर से छज्जे से कूद पड़ा। भागने की कोशिश में छज्जा और रेलिंग टूटकर नीचे खड़ी XUV 300 वाहन पर गिर गए, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। शोरगुल सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने आरोपी को धर दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, रात करीब 11:40 बजे कान्हा दास महंत सिंधु भवन परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में घुसा था। बताया जा रहा है कि वह चोरी की नीयत से भवन के भीतर प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने बच निकलने के लिए छज्जे से छलांग लगा दी।
लेकिन उसकी यह कोशिश भारी पड़ गई। छलांग लगाते समय छज्जा और उसकी रेलिंग टूटकर भरभराकर नीचे गिर गए। भारी मलबा नीचे खड़ी XUV 300 पर आ गिरा, जिससे वाहन को गंभीर नुकसान पहुंचा। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कान्हा दास महंत लंबे समय से चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहा है और अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देता है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से आमजन परेशान हैं और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जरूरत है।

घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने पुलिस से मांग की है कि आरोपी से कड़ी पूछताछ कर उसके अन्य साथियों का भी पता लगाया जाए, ताकि चोरी की बढ़ती वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
