
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा/रायपुर।
छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन ने अपने “जनप्रतिनिधि संपर्क अभियान” के तहत प्रदेश के श्रम व उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन से कोरबा स्थित निवास पर मुलाकात कर कर्मचारियों की लंबित मांगों को जोरदार तरीके से उठाया।
यूनियन प्रतिनिधिमंडल ने संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण, पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने और नियमित भर्ती शुरू करने सहित कई अहम मुद्दों पर ज्ञापन सौंपते हुए इन्हें कैबिनेट में रखने की मांग की।
प्रतिनिधियों ने बताया कि 8–10 साल पहले भर्ती हुए संविदा कर्मचारी आज तक नियमित नहीं हुए हैं, जबकि बड़ी संख्या में पुराने कर्मचारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जिससे बिजली व्यवस्था पर असर पड़ रहा है। साथ ही पदोन्नति, वेतन विसंगति, सेवा सुरक्षा और कार्यस्थल समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
मंत्री देवांगन ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि कर्मचारियों के हित में सकारात्मक पहल की जाएगी और विभागीय स्तर पर समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
यूनियन ने साफ किया कि उनका “जनप्रतिनिधि संपर्क अभियान” पूरे प्रदेश में जारी रहेगा, ताकि कर्मचारियों की आवाज सरकार तक मजबूती से पहुंचाई जा सके।
