अवैध संबंध के शक में महिला की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी पत्नी गिरफ्तार

Oplus_16908288

✍️ भागीरथी यादव 

 

 

कवर्धा। कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के ग्राम रोकनी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि 22 वर्षीय सोनकली बैगा को गंभीर हालत में उसके पति जेठूराम बैगा द्वारा जिला अस्पताल कवर्धा में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 27 अप्रैल 2026 को उसकी मौत हो गई। शुरुआती तौर पर मामला संदिग्ध था, लेकिन जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।

दरअसल, मृतका का अपने पड़ोसी अर्जुन बैगा के साथ कथित संबंध बताया जा रहा था। 21 अप्रैल को अर्जुन की पत्नी मंदाकिनी बैगा ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया, जिससे विवाद भड़क उठा।

गुस्से में आगबबूला मंदाकिनी ने बांस के डंडे से सोनकली पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल हालत में घर पहुंची सोनकली को परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया, लेकिन जिंदगी की जंग वह हार गई।

मामले की तह तक पहुंचते हुए पुलिस ने आरोपी मंदाकिनी बैगा को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

इस घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है और रिश्तों के विवाद की भयावह परिणति को उजागर कर दिया है।