✍️ भागीरथी यादव
धमतरी। लिफ्ट मांगकर युवक से पहचान बढ़ाने के बाद उसकी मोटरसाइकिल चोरी करने वाले शातिर आरोपी को धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी गई बाइक भी बरामद कर ली गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बालोद जिले के देवरी कचांदुर निवासी संजय मारकंडे 7-8 मई 2026 की दरम्यानी रात अपनी हीरो एचएफ डीलक्स बाइक (CG 24 P 9546) से गंगरेल घूमने आए थे। वापसी के दौरान अंबेडकर चौक में एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे लिफ्ट मांगी, जिसे उन्होंने नेहरू गार्डन तक छोड़ा। इसके बाद संजय वहीं विश्राम करने लगे। सुबह उठने पर उनकी बाइक गायब मिली।

प्रार्थी की शिकायत पर सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। शुक्रवार को सूचना मिली कि चोरी की बाइक आमातालाब रोड क्षेत्र में चलाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सेन समाज भवन के पास घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी पेमन साहू (31 वर्ष), निवासी खपरी, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी ने बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा अपने वाहनों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें।
