NEET-2026 परीक्षा को लेकर धमतरी पुलिस अलर्ट, सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

✍️ भागीरथी यादव

 

 

धमतरी। NEET-2026 परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए धमतरी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू करते हुए पर्याप्त पुलिस बल, सादे वस्त्रों में जवानों की तैनाती तथा लगातार पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है।

पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा, प्रवेश-निकास, चेकिंग और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के लिए होटल, लॉज, ढाबों और बस स्टैंडों की लगातार जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को परीक्षा अवधि के दौरान पूर्ण सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। धमतरी पुलिस ने अभ्यर्थियों एवं पालकों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। परीक्षा को लेकर जिले में सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं।