शिक्षक की संदिग्ध मौत, नदी तट पर मिला शव..

✍️ भागीरथी यादव

 

 

आरंग। आरंग थाना क्षेत्र के बनचरौदा के पास महानदी तट पर गुरुवार को एक शिक्षक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान डंगनिया (चंपारण) निवासी शिवकुमार चंद्राकर के रूप में हुई है। वे शासकीय विद्यालय कुम्हारी में शिक्षक के पद पर पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि वे किसान नेता रुपन चंद्राकर के भतीजे थे।

जानकारी के अनुसार, बनचरौदा के समीप महानदी किनारे शिवकुमार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल के पास उनकी बाइक भी बरामद हुई है। सूचना मिलने पर आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर से डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीमों ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।

 

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की संभावना है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।