
सुशील जायसवाल
रुंगटा के नए कोयला खदान के विरोध में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का अनिश्चितकालीन धरना शुरू
कोरबा (रानी अटारी विजय वेस्ट), 13 जनवरी।
बीजा डांड जंगल क्षेत्र में जेट प्लेन के माध्यम से कराए गए हवाई सर्वे को लेकर ग्रामीण इलाकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। इस बीच रुंगटा समूह के प्रस्तावित नए कोयला खदान के विरोध में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक इकाई, पसान द्वारा 9 जनवरी को प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर वन अधिकार, खनन प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं और ग्राम पंचायतों में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी गई थी। चेतावनी के अनुरूप आज से पार्टी कार्यकर्ताओं ने धरना प्रारंभ कर दिया।
पार्टी की प्रमुख मांगों में वन अधिकार अधिनियम 2012 के तहत वर्षों से लंबित व्यक्तिगत वन अधिकार पत्रों का शीघ्र निराकरण कर पात्र किसानों को अधिकार पत्र प्रदान करना शामिल है।
पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि SECL द्वारा क्षेत्र में पिछले 20–25 वर्षों से कोयला खनन कर अरबों रुपये का राजस्व अर्जित किया गया, लेकिन इसके बावजूद खनन प्रभावित गांवों में बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं आज भी नदारद हैं। ग्रामीणों को दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने कंपनी पर सामाजिक दायित्वों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए प्रभावित क्षेत्र के समग्र विकास हेतु विशेष विकास राशि उपलब्ध कराने के निर्देश देने की मांग प्रशासन से की है।

ज्ञापन में यह भी गंभीर आरोप लगाया गया है कि दो ग्राम पंचायतों में बिना ग्रामवासियों को सूचना दिए कथित रूप से फर्जी ग्रामसभा की कार्यवाही दर्ज कर निजी कंपनी को कोयला खनन के लिए प्रस्ताव भेजा गया। सोशल मीडिया पर वायरल ग्रामसभा कार्यवाही की छायाप्रति के आधार पर पार्टी ने निष्पक्ष जांच कर दोषी सरपंच एवं सचिवों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पार्टी ने स्पष्ट किया है कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। साथ ही धरना स्थल पर शांति व्यवस्था बनाए रखने एवं असामाजिक तत्वों पर निगरानी हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की मांग भी प्रशासन से की गई है।
धरना प्रदर्शन में प्रमुख रूप से विद्वान सिंह मरकाम (जिला पंचायत सदस्य एवं जिलाध्यक्ष गोंडवाना गणतंत्र पार्टी), संतोष मरावी (जनपद सदस्य, पुटीपखना), चंद्रनाथ पोर्ते (सरपंच), श्रवण कुमार (सरपंच प्रतिनिधि, तनेरा), सुरेंद्र सिंह (सरपंच, मिसिया), मनोज मरावी, तापस पोया, शंकर मरावी, जगतपाल केराम सहित आसपास के गांवों की मातृ शक्ति और पितृ शक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।
शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पसान एवं कोरबी चौकी पुलिस की तैनाती की गई है।






